रतनगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की होंडा सीबी ट्विस्टर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 12.80 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी हर्ष राठौर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 31 जुलाई को पुलिस चौकी जाट की टीम रतनगढ़-जाट मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद प्लास्टिक की थैली से 2.225 किलो अवैध अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अंशुल (24) पिता जगदीशचंद्र धाकड़, निवासी ग्राम सुखपुरा, तहसील बिजौलिया, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अफीम किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही अफीम उपलब्ध कराने वाले तथा खरीदने वाले व्यक्तियों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।