नीमच जिले के जीरन तहसील अंतर्गत चिंताखेड़ा चौकी क्षेत्र के ग्राम पावड़ा खुर्द में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बुधवार रात करीब 10 बजे घर पर ही दो सगे भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई नरूलाल ने छोटे भाई भेरूलाल पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में गंभीर वार लगने से भेरूलाल 30वर्ष , पिता कचरूलाल, की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चिंताखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हमले के दौरान आरोपी नरूलाल भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद नरूलाल ने खुद को भी चोट पहुंचाई और उसी के बाद अस्पताल में भर्ती हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।