सिंगोली - मुकेश माहेश्वरी
June 3, 2026, 2:07 pm
Prasasanik
सिंगोली(मुकेश माहेश्वरी ) शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगोली की छात्राओं को व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत 1 मई 2026 से 31 मई 2026 तक 20 दिवसीय ऑन-जॉब ट्रेनिंग प्रदान की गई। इस प्रशिक्षण में आईटी-आईटीईएस (IT-ITES) ट्रेड की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की कुल 36 छात्राओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को ऑनलाइन कार्य, डाटा एंट्री, वेब पेज निर्माण, नेटवर्किंग हेतु ईथरनेट केबल की जानकारी, एमएस ऑफिस 365 तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विभिन्न उपकरणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के ज्ञान के साथ-साथ उद्योग एवं बाजार
की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना रहा।विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र जोशी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षक विपुल नागदा ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत इस प्रकार की ट्रेनिंग विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे भविष्य में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे तथा छात्राओं की तकनीकी दक्षता में वृद्धि होगी। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आईटी उपकरणों की जानकारी देने के साथ-साथ विभिन्न कार्यों का व्यावहारिक अनुभव भी कराया गया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर कालम्भा कंप्यूटर सेंटर के संचालक राहुल पंचोली ने विद्यालय के प्राचार्य, व्यावसायिक प्रशिक्षक एवं सभी छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा
कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।