नीमच जिले के ग्राम जमुनिया खुर्द में इन दिनों श्री राम जानकी मंदिर परिसर में भव्य रामलीला मंचन का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में श्री राधा कृष्ण रामलीला मंडल, जिला धार के ग्राम धानी द्वारा नाटक कला और आकर्षक झांकियों के माध्यम से धर्म प्रचार किया जा रहा है।
समाजसेवी एवं गौ रक्षक विक्रम सिंह सोनगरा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत रामायण पूजन और आरती के साथ हुई। प्रथम दिवस भगवान श्रीराम के प्राकट्य, गुरु विश्वामित्र आगमन तथा राक्षस वध की प्रस्तुति दी गई। दूसरे दिन जनकपुर स्वयंवर और भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग का मंचन हुआ। वहीं तीसरे दिन भगवान परशुराम के क्रोध और जनकपुरी पहुंचने का प्रसंग दर्शाया गया।
हर शाम राम जानकी मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच रहे हैं। धार्मिक माहौल और मनमोहक प्रस्तुतियों से गांव में उत्साह और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।