नीमच 18 मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के ईंधन संरक्षण के आह्वान को साकार करते हुए जिला प्रशासन नीमच ने सोमवार को अनूठी पहल की। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के नेतृत्व में जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग वाहनों के बजाय एक ही यात्री बस में सवार होकर ग्राम दलपतपुरा, तहसील जीरन में आयोजित रात्रि चौपाल के लिए रवाना हुए।
कलेक्ट्रेट परिसर से कलेक्टर चंद्रा ने बस को हरी झंडी दिखाकर अधिकारियों के दल को रवाना किया। इस दौरान जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बीएस कलेश, वन मंडल अधिकारी एसके अटोदे सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे। रात्रि चौपाल समाप्त होने के बाद सभी अधिकारी इसी बस से वापस जिला मुख्यालय लौटेंगे।
कलेक्टर चंद्रा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ-साथ आमजन को ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से एक ही वाहन में यात्रा करने से शासकीय व्यय में कमी आएगी तथा आम नागरिकों को भी ईंधन बचाने की प्रेरणा मिलेगी।
रात्रि चौपाल में कलेक्टर एवं जिला अधिकारी ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करेंगे।