नीमच | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के तहत राजस्व विभाग ने ग्राम विश्निया में आवागमन के रास्ते को लेकर चल रहे विवाद का मौके पर ही शांतिपूर्ण समाधान करा दिया। अधिकारियों ने भूमि का निरीक्षण, सीमांकन और आवश्यक राजस्व कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से विवाद समाप्त कराया।
अतिरिक्त तहसीलदार, नीमच ग्रामीण न्यायालय में लंबित प्रकरण क्रमांक 0004/अ-13/2026-27 के तहत सर्वे नंबर 861 , रकबा 0.21 हेक्टेयर की भूमि पर रास्ते को लेकर विवाद था। शनिवार को गठित राजस्व दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की और दोनों पक्षों से चर्चा कर सर्वसम्मति से रास्ते का समाधान कराया।
विवाद सुलझने से संबंधित किसानों के लिए आवागमन का मार्ग सुगम हो गया, वहीं न्यायालय में लंबित प्रकरण का भी सौहार्दपूर्ण निराकरण सुनिश्चित हुआ। जिला प्रशासन ने इसे जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया।