नीमच जिले के धमनियां रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गैस सिलेंडर सप्लाई का काम करने वाले 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पारस कुमावत पिता शंभूलाल कुमावत निवासी ग्राम बसेड़ी कुण्डाल वार्ड क्रमांक 21, थाना छोटी सादड़ी क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पारस गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने के लिए वाहन से धमनियां रोड क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान वह किसी काम से गाड़ी से नीचे उतरे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भीषण था। टक्कर लगते ही पारस गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में उनका एक पैर भी बुरी तरह टूट गया। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए छोटी सादड़ी लेकर गए हैं, जहां पीएम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।