सिंगोली - मुकेश माहेश्वरी
April 5, 2026, 6:08 pm
Samajik
सिंगोली (मुकेश माहेश्वरी)मेवाड़ प्रांत की पुण्य धरा सिंगोली में चल रहे पंच कल्याणक महोत्सव के चतुर्थ दिवस तप कल्याणक का पावन आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। प्रातः काल 6 बजे जाप आराधना, मंगलाष्टक, अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य पूजन के साथ तप कल्याणक की विशेष पूजा की गई।इस अवसर पर अर्हम योग प्रणेता मुनि श्री 108 प्रणम्य सागर जी महाराज की मंगल वाणी सुनने का सौभाग्य भक्तों को प्राप्त हुआ। दूर-दराज के अनेक नगरों से श्रद्धालु बसों द्वारा सिंगोली पहुंचे और कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई।मध्याह्न बेला में महाराज नाभिराय का दरबार, आदिकुमार का पाणिग्रहण संस्कार
एवं भव्य बारात का आयोजन हुआ, जिसमें अनेक इंद्रों की उपस्थिति ने माहौल को दिव्य बना दिया। इसके पश्चात आदिकुमार का राज्याभिषेक, राजतिलक एवं 32 मुकुटधारी राजाओं द्वारा अधीनता स्वीकार करने का भव्य दृश्य प्रस्तुत किया गया।आदिकुमार द्वारा ब्राह्मी एवं सुंदरी को शिक्षा प्रदान करना, ब्राह्मी द्वारा आजीवन ब्रह्मचर्य व्रत ग्रहण करना तथा समाज को असि, मसि, कृषि, विद्या, वाणिज्य और शिल्प की शिक्षा देने का संदेश दिया गया। नीलांजन नृत्य, वैराग्य भावना, लौकांतिक देवों द्वारा स्तवन जैसे प्रसंगों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम में बताया गया कि आदिकुमार के 101 पुत्रों में ज्येष्ठ पुत्र भरत को अयोध्या एवं बाहुबली को पोदनपुर का राज्य सौंपा गया। इसके बाद पालकी प्रस्थान के साथ दीक्षा वन की ओर प्रस्थान एवं केशलोंच, अंकन्यास जैसी दीक्षा विधियां मुनि श्री प्रणम्य सागर जी महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुईं।कार्यक्रम में गौतम जी दक राज्यमंत्री राजस्थान सरकार ,,सुरेश धाकड़ विधायक बेगूं ,आर.के. ग्रुप के चेयरमैन अशोक पाटनी ,भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील जेन ,कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव धीरज गुर्जर, पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय, सरपंच अनुराग जैन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।