नीमच जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को कुकड़ेश्वर और रामपुरा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में नमकीन जब्त की। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुकड़ेश्वर स्थित मैसर्स श्री साईं कृपा नमकीन का निरीक्षण किया। जांच में प्रतिष्ठान पर बिना वैध खाद्य पंजीयन के अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में नमकीन निर्माण, पैकिंग और विक्रय किया जाना पाया गया। पैकेटों पर पैकिंग दिनांक, बैच नंबर और लाइसेंस नंबर जैसी जरूरी जानकारी भी अंकित नहीं थी। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को तत्काल बंद कराया और करीब 1385 किलो नमकीन सहित कुल 11 खाद्य नमूने जांच के लिए जब्त किए। संबंधित संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है। वहीं रामपुरा स्थित सांवलिया दुग्ध डेरी से भी पनीर, दूध, दही और घी के नमूने लिए गए।