नीमच। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर शहर में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नीमच शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मुकेश कालरा ने इसे छोटे व्यापारियों पर सीधा असर डालने वाला फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव समाप्त होते ही सरकार ने ठेले-गुमटी, चाय-चाट, नमकीन, होटल और ढाबा संचालकों पर आर्थिक बोझ डाल दिया है, जो पहले से ही महंगाई से जूझ रहे हैं।
कालरा ने बताया कि प्रति सिलेंडर करीब 1000 रुपए की वृद्धि से न केवल छोटे व्यवसायी प्रभावित होंगे, बल्कि कमर्शियल गैस का उपयोग करने वाले उद्योगों की उत्पादन लागत भी बढ़ेगी। इससे बाजार में वस्तुओं के दाम बढ़ना तय है, जिसका असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि गैस की कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत तक वृद्धि से आमजन का जीवन और कठिन हो जाएगा। कई छोटे दुकानदारों को व्यवसाय बंद करने तक की नौबत आ सकती है, वहीं वैवाहिक कार्यक्रमों का बजट भी प्रभावित होगा। कालरा ने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार कर बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की है।