नीमच में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उपपंजीयक कार्यालय के प्रस्तावित स्थानांतरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। रियल एस्टेट ग्रुप के पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और शहरवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्यालय को कलेक्टर परिसर से नए तहसील कार्यालय में शिफ्ट किए जाने का विरोध जताया। ज्ञापन में मांग की गई कि स्थानांतरण आदेश पर तत्काल रोक लगाई जाए और उपपंजीयक कार्यालय को पूर्ववत कलेक्टर परिसर में ही संचालित रखा जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि उपपंजीयक कार्यालय कई वर्षों से कलेक्टर कार्यालय परिसर में संचालित हो रहा है, जहां जिला पंजीयक कार्यालय, लोक सेवा केंद्र सहित कई महत्वपूर्ण विभाग एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। इससे आम नागरिकों, पक्षकारों और अधिवक्ताओं को विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ता।
शहरवासियों ने नए तहसील कार्यालय में पर्याप्त सुविधाओं के अभाव का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि वहां छोटे कमरे आवंटित किए गए हैं तथा पार्किंग, बैठने और आमजन की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और गंभीर मरीजों को परेशानी होगी। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से कलेक्टर परिसर में ही उपयुक्त वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की गई।