नीमच जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में गुरुवार को कांग्रेस सेवादल के संस्थापक एवं स्वतंत्रता सेनानी डॉ. एनएस हाडींकर की 138वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में सेवादल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता संग्राम और संगठन निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।
इस अवसर पर सेवादल जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉ. हाडींकर का जीवन सेवा, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस सेवादल हमेशा सामाजिक सरोकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कार्य करता रहा है। कार्यक्रम के दौरान जावद एवं कुकड़ेश्वर क्षेत्र के सेवादल प्रभारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इस मौके पर कई कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।