नीमच के गोल चौराहा गुरुद्वारा चौराहा स्थित चर्चित रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर गुरुवार शाम प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दुकान से खराब मावा, एक्सपायरी बेकरी आइटम, पुरानी लस्सी, बासी कचौरी मसाला, मिठाइयां, आइसक्रीम, ब्रेड और आचार समेत 73 प्रकार की खाद्य सामग्री जब्त की गई। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर प्रशासन ने दुकान को तत्काल सील कर दिया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर प्रशासन, नगरपालिका, खाद्य सुरक्षा और खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच में कई खाद्य पदार्थ एक्सपायरी डेट पार मिले, जबकि एक क्विंटल से ज्यादा संदिग्ध मावा भी जब्त किया गया, जिसे नष्ट करने के लिए डंपिंग ग्राउंड भेजा गया।
टीम ने मावा, मावा पेड़ा, चॉकलेट बर्फी, ब्रेड, गुलाब जामुन, पाव और क्रीम के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं। साथ ही दुकान में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग भी मिला। अब जांच रिपोर्ट के बाद संचालक पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई हो सकती है।