नीमच। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जावद मंडी प्रांगण में गुरुवार से गेहूं उपार्जन कार्य विधिवत शुरू हो गया। पहले ही दिन किसानों की आवाजाही शुरू हो गई और कई किसानों ने अपनी उपज लेकर केंद्र पर पहुंचकर विक्रय प्रक्रिया पूरी की।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में यह उपार्जन कार्य संचालित किया जा रहा है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) जावद सुश्री संघवी एवं जिला आपूर्ति अधिकारी के मार्गदर्शन में विपणन सहकारी संस्था द्वारा खरीदी की व्यवस्था की गई है।
उपार्जन कार्य के शुभारंभ के साथ ही एसडीएम सुश्री संघवी ने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तौल व्यवस्था, बारदाना, परिवहन एवं किसानों के लिए की गई सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।
प्रशासन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी उपज बेचने से पहले स्लॉट बुकिंग अवश्य कर लें। निर्धारित तिथि एवं समय पर ही उपार्जन केंद्र पर पहुंचकर गेहूं विक्रय करें, ताकि भीड़भाड़ से बचा जा सके और प्रक्रिया सरल व पारदर्शी बनी रहे। जावद मंडी में शुरू हुए इस उपार्जन कार्य से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है, वहीं प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाने में जुटा हुआ है।