नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम अड़मालिया-पालसोड़ा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार तीन युवकों में से लोकेश (20), निवासी अड़मालिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी विशाल और मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक शादी समारोह में भोजन व्यवस्था के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। शुक्रवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर छा गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।