ताजासमाचार

गाँव में घुसा तेंदुआ,पहले मचा हड़कंप,फिर ग्रामीणों ने की मस्ती, सवारी कर ली सेल्फी, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

डेस्क रिपोर्टर August 30, 2023, 12:58 pm Technology

देवास जिले के सोनकच्छ के गांव इकरोता में मंगलवार दोपहर एक तेंदुआ घुस आया। वह बीमार था और ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। उसने हिंसक व्यवहार नहीं दिखाया तो ग्रामीण ने बिना डरे उसके पास पहुंच गए। उन्होंने इसका फायदा उठाया। जब ग्रामीणों को लगा कि बीमार तेंदुए से उन्हें कोई खतरा नहीं है तो फिर वे पालतू जानवर की तरह उसके साथ बर्ताव करने लगे। किसी ने तेंदुए की पीठ पर बैठकर सवारी की तो किसी ने उसके साथ सेल्फी ली। ग्रामीणों ने तेंदुए के पास बैठकर ग्रुप फोटो भी खिंचवाया। मामला मंगलवार दोपहर करीब एक बजे का है। गांव के मंदिर के पास ग्रामीणों को एक तेंदुआ नजर आया। पहले तो ग्रामीण डर गए। कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा रहा था। जब काफी देर तक तेंदुए ने कोई हिंसक हरकत नहीं की तो एक ग्रामीण उसके पास गया। उसे छूने लगा। तेंदुए ने भी उसे कुछ नहीं किया। यह देख दूसरे ग्रामीणों का डर भी खत्म हो गया। फिर तो वे तेंदुए के साथ पालतू जानवर जैसा व्यवहार करने लगे। भीड़ देखकर जब बीमार तेंदुआ उठकर धीरे-धीरे चलने लगा तो एक ग्रामीण उसकी पीठ पर सवारी करने की कोशिश करने लगा। कुछ ग्रामीणों ने उसके साथ सेल्फी भी ली।

तेंदुएं ने किसी पर हमला नहीं किया

इतना सब सहने के बाद भी तेंदुए ने किसी पर हमला नहीं किया। यह नजारा कई ग्रामीणों ने कैमरे में कैद कर लिया। जब गांव में तेंदुए के होने की खबर वन विभाग को लगी तो एक टीम सोनकच्छ रवाना हुई। कर्मचारियों ने ग्रामीणों को तेंदुए से दूर किया। उसे पिंजरे में रखा। तेंदुए की बीमार हालत देखकर रात को उज्जैन संभाग की टीम को जानकारी दी। देर रात वन विभाग की टीम उसे इलाज के लिए भोपाल ले गई।

Related Post