सिंगोली - मुकेश माहेश्वरी
January 31, 2026, 9:42 pm
Others
सिंगोली(मुकेश माहेश्वरी)
प्रदेश के सबसे बड़े पंजीकृत पत्रकार संगठन मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की तृतीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक 31 जनवरी को भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में स्थित शिवांजली गार्डन में सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारंभ मां शारदे के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया ने की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के वरिष्ठ केबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन, उज्जैन नगर निगम अध्यक्ष कलावती देवी यादव (मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी बहन), ऋणमुक्तेश्वर मठ के महंत महावीर गिरी
जी महाराज, उज्जैन प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदलाल यादव (मुख्यमंत्री के बड़े भाई) एवं भाजपा जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल शामिल रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि पत्रकारों से उनका पुराना और आत्मीय रिश्ता रहा है। पत्रकार ही समाज और सरकार को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। वे हमारी कमियों को उजागर कर हमें सुधार का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के साथ उनका जुड़ाव लंबे समय से रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को मजबूती देने के लिए प्रत्येक
पदाधिकारी को सजग और सक्रिय रहना होगा। बिना धार के संगठन चलाना बड़ी चुनौती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन सक्रियता से नहीं कर पा रहे हैं, वे त्यागपत्र देने के लिए स्वतंत्र हैं। संगठन को अब थके-हारे नहीं, बल्कि ऊर्जावान और समर्पित साथियों की आवश्यकता है। जो भी संगठन के लिए पूरे मनोयोग से कार्य करेगा, उसे पद और दायित्व स्वतः प्राप्त होंगे।बैठक को विधायक अनिल जैन, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, महंत महावीर गिरी जी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल, रिजवान सिद्धकी एवं राजकुमार दुबे ने भी संबोधित किया। संगठन के महासचिव
सत्यनारायण वैष्णव ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, वहीं कोषाध्यक्ष शिशुपाल सिंह तोमर ने आय-व्यय का लेखा-जोखा रखा।आयोजन समिति के मनोज जैन, डॉ. राहुल कटारिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया। बैठक में नीमच जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन के नेतृत्व में जिला कार्यकारी अध्यक्ष चैन सिंह सोलंकी, महासचिव कैलाश राठौर एवं रामेश्वर नागदा ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार व्यास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिलाध्यक्ष राहुल कटारिया ने किया।