सिंगोली - मुकेश माहेश्वरी
January 30, 2026, 6:05 pm
Prasasanik
सिंगोली।
स्थानीय सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए 27 जनवरी से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए पाँच दिवसीय करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देकर सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, तकनीकी व व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तथा सरकारी-निजी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों को उनकी रुचि व क्षमता के अनुसार करियर चयन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य किरण जैन ने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में सही समय पर मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है, जिससे विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
करियर गाइडेंस के नोडल शिक्षक शंकरलाल ने बताया कि छात्र प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं और अपने करियर से जुड़े कई प्रश्नों के समाधान प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर शिक्षक विनोद कुमार धोबी ने बताया कि यूनिसेफ द्वारा संचालित करियर गाइडेंस कार्यक्रम के अंतर्गत यू-इंडिया रिपोर्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को 11 करियर कोर्स, 21 करियर डोमेन तथा 500 से अधिक करियर विकल्पों की जानकारी
दी जा रही है, जिससे विद्यार्थियों में करियर को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।यह पाँच दिवसीय करियर गाइडेंस कार्यक्रम 31 जनवरी को संपन्न होगा।