ताजासमाचार

यमराज बने अठाना परिषद के जिम्मेदार, विधवा महिला की गुहार के बाद खुली पोल, जिन्दा महिला को किया मृत और मृत को रखा 2 साल से कागजों में जिंदा, सिस्टम पर बड़ा सवाल

जावद - October 10, 2024, 10:24 pm Technology

नीमच जिले की नगर परिषद अठाना का एक बड़ा कारनामा सामने आया। जहां पर कागजों में मृत 74 वर्षीय विधवा महिला की गुहार के बाद नगर परिषद के जिम्मेदार हरकत में आए और जांच की तो कर्मचारियों की लापरवाही की पोल खुल गई। 2 साल से नगर परिषद अठाना के कर्मचारियों ने मोहनी बाई नाम की जीवित महिला को कागजों में मृत कर दिया और उसकी पेंशन बंद कर दी, तो वही मृत मोहनी बाई को कागजों में जिंदा रखकर उसके खाते में 2 साल से पेंशन पहुंचाई जा रही है।

दरअसल मामला अठाना नगर परिषद का है जहां पर मंगलवार को एक विधवा 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ उसकी बेटी के बेटे मनीष बैरागी का वीडियो सामने आया था जहां पर उसने 74 वर्षीय विधवा मोहनी बाई नाम की महिला को 2 साल से नगर परिषद के जिम्मेदारों द्वारा कागजों में मृत करने और उनकी पेंशन नहीं मिलने को लेकर अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई थी और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारी हरकत में आए और नगर परिषद अठाना के सीएमओ जगजीवन शर्मा ने कहा कि पूरे मामले में जांच कर रहे हैं। जिसके बाद में आज सीएमओ जगजीवन शर्मा से बात की गई तो उनका कहना है कि कर्मचारियों से त्रुटि वंश किसी अन्य मृत मोहनी बाई की जगह मोहनी बैरागी नाम की विधवा महिला को मृत कर दिया गया। जिसके चलते महिला की पेंशन बंद हो गई थी और जो मृत महिला उसके खाते में पेंशन जा रही थी पूरे मामले में त्रुटि सुधरवाई जा रही है।

क्या होगी दोषियों पर कार्यवाही

खैर अब सवाल यह खड़ा होता है कि 2 साल से शासन की योजना का लाभ जिस विधवा महिला को मिलना चाहिए, वो 74 वर्षीय विधवा बुजुर्ग महिला शासन की योजना का लाभ न मिलने से परेशान है और इन सब के पीछे नगर परिषद अठाना के कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही निकलकर सामने आई है, जिसके चलते महिला को परेशान होना पड़ा। अब पूरे मामले में जीवित महिला को मृत और मृत महिला को जिंदा रखने को लेकर नगर परिषद अठाना के सीएमओ इसे महज एक त्रुटि बताते हुए सुधारने की बात कर रहे हैं लेकिन मामले की शिकायत जावद एसडीएम राजेश शाह तक पहुंची है तो क्या अब दोषी कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन होगा, जिनकी लापरवाही के चलते एक विधवा महिला को 2 साल से परेशान होना पड़ रहा है। या फिर ऐसे कर्मचारियों की गलती को महज एक छोटी त्रुटि कहकर पर्दा डाल दिया जाएगा।

Related Post