सरवानिया महाराज जिले की जावद तहसील के सरवानिया महाराज में सोमवार को देश की पहली महिला शिक्षक व समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की जन्म जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई गई। नवयुवक माली समाज की पहल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान वार्ड नंबर 10 माली मन्दिर से माता सावित्रीबाई फुले की सजे धजे रथ में प्रतिकात्मक तस्वीर पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की गई। डीजे की धुन पर धार्मिक गीतों की गूंज के साथ शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से निकाली गई। जिसका नगर वासियों ने जगह-जगह स्वागत किया।
बढ़ी हुई ठिठुरन भी समाज के लोगों की आस्था का रास्ता नहीं रोक सकी । माता सावित्रीबाई फूले के पदचिन्हों पर चलने व देश में सभी के लिये समान, निशुल्क, शिक्षा, वैज्ञानिक शिक्षा व सम्मानजनक रोजगार की गारंटी के लिये संघर्ष किये जाने का संकल्प दोहराया। नवयुवक माली समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान समाजजनो को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि राष्ट्रीय फुले ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट विनोद माली ने कहा कि जिन मूल्यों व समतामूलक समाज की स्थापना के लिये सावित्रीबाई ने अपने पूरे जीवन में संघर्ष किया, उसकी स्थापना देश में आजादी के सत्तर साल बाद भी नहीं हो पाई है।
सावित्रीबाई द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किये गये कार्यों की चर्चा करते हुये श्री माली ने कहा कि हम सभी को माता सावित्रीबाई फुले से प्रेरणा लेते हुए उनके बताये रास्ते पर चलना चाहिए। उन्होंने रुढ़िवादी समाज में नारी शिक्षा के लिए नौ बालिकाओं को लेकर पुणे में कन्या पाठशाला की शुरुआत की थी। लोगों के विरोध के बावजूद वे निरंतर शिक्षा के प्रचार-प्रसार में लगी रही। छुआछूत, अंधविश्वास के खिलाफ आंदोलन किया। साथ ही बीमारी फैलने पर अस्पताल खोलकर लोगों की सेवा की और इसी दौरान बीमारी से ग्रसित हो गई। उनकी प्रेरणा से नारी शिक्षा को बढ़ावा मिला।
बहुउद्देशीय कल्याण समिति प्रदेश अध्यक्ष सूरजमल मेहता ने कहा कि माता सावित्री बाई फुले समाज के मजबूर व गरीब लोगों की आवाज थी। युवाओं को उनके पद चिन्हों पर चलने की आवश्कता हैं। अपने बच्चों को शिक्षित करते हुए चरित्रवान तथा संस्कारवान बनाएं।
मेवाडा माली समाज प्रदेश अध्यक्ष सुकलाल मोनिया ने कहा की वह देश की पहली महिला शिक्षिका हैं जिन्होंने समाज के गरीब तबके के लोगों के हित के लिए अपना सारा जीवन समर्पित कर दिया। सावित्रीबाई फुले ने समाज में जो बदलाव की लकीर खींची थी उसे और आगे तक बढ़ाने का हमें संकल्प लेना होगा। कार्यकम को मेवाडा माली समाज के प्रभारी मंत्री कैलाश माली, संगठन मंत्री राष्ट्रीय फुले ब्रिगेड मनोहर माली, वरिष्ठ सलाहकार वर्दीचंद माली, जिला मीडिया प्रभारी गोपाल माली, तहसील अध्यक्ष चंद्रप्रकाश माली, जिला प्रभारी अक्षय सैनी, जिला अध्यक्ष सुश्री नैना , वरिष्ठ सलाहकार कन्हैया लाल माली, व महेश माली ने भी सम्बोधित किया। आयोजित कार्यक्रम में मौजूद समाजजनों ने सावित्रीबाई फुले के संघर्ष से प्रेरणा लेकर उनके पदचिन्हों पर चलते हुये समाज में व्यापक बदलाव का भी संकल्प लिया और सभी ने एकजुट होकर कार्य करने की कहा।
कार्यक्रम का संचालन मण्डल अध्यक्ष अर्जुन माली किया और आभार नवयुवक माली समाज ने माना। इस पूरे आयोजन के दौरान मध्य प्रदेश शासन की कोरोना का गाइडलाइन का परिपूर्ण पालन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर सहित आस पास क्षेत्र के सैकड़ों माली समाज के लोग उपस्थित थे।